बहुचर्चित मंईयां सम्मान योजना की बढ़ी राशि 2500 रुपए का वितरण आज होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 12.30 नामकुम के खोजा टोली स्थित आर्मी ग्राउंड से 56 लाख 61 हजार 791 महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से 2500-2500 रुपए डालेंगे। तैयारियां पूरी हो गई हैं। कार्यक्रम में पूरे राज्य से 3 लाख लाभुक महिलाओं के आने की संभावना है। सभी मंत्रियों और विधायकों को समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण पत्र भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव पूर्व घोषणा की थी कि मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत दिसंबर से 1000 रुपए की जगह 2500 रुपए मिलेंगे। एक साथ जाएगी दो महीने की किस्त कार्यक्रम को लेकर मिली जानकारी के अनुसार आज मंईयां सम्मान योजना की 56 लाख से अधिक लाभुकों के खाते में पांच-पांच हजार रुपए ट्रांसफर करेंगे। दिसंबर में कुछ लाभुकों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। जिनके खाते में दिसंबर का पैसा नहीं गया है, उनके अकाउंट में 6 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक साथ 5000 रुपए डालेंगे। मंईयां सम्मान योजना के लिए पैसे की कमी नहीं वित्त विभाग के प्रधान सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि झारखंड में 1 लाख 28 हजार करोड़ का बजट है। जिसमें 48 हजार करोड़ का स्थापना बजट है। ऐसे में राज्य सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि मंईयां सम्मान योजना के तहत आनेवाली बजट की स्थिति काफी अच्छी है। 80 हजार करोड़ के स्कीम बजट में से 15 हजार करोड़ राशि मंईयां सम्मान योजना को दी जा रही है। स्कीम के लिए अब भी सरकार के पास 65 हजार करोड़ रुपए मौजूद है। भारत सरकार भी इस बात को लेकर प्रयासरत है कि राज्य का राजस्व कैसे बढ़े। उम्मीद है कि आने वाले वित्तीय वर्ष में झारखंड का राजस्व 10 से 15 हजार करोड रुपए बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि स्कीम के तहत होने वाले खर्च करने के मामले में झारखंड गिने-चुने राज्यों में शामिल है। जहां हर साल 10% से अधिक कैपिटल पर खर्च हो रहे हैं। कैपिटल खर्च करने में झारखंड आगे है। केंद्र सरकार से झारखंड को 450 करोड़ रुपए इंसेंटिव राशि भी मिलती है। ट्रैफिक रूट में किया गया बदलाव आज होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और शहर के अन्य इलाकों में पांच हजार जवान तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर जवानों को मुस्तैदी से तैनात रहने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम में नामकुम मार्ग में विशेष जवानों को तैनात किया गया जो लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में ट्रैफिक पुलिस के द्वारा यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर शाम साढ़े चार बजे तक ट्रैफिक में बदलाव लागू रहेगा। रामपुर रिंग रोड चौक तुपुदाना रिंग रोड के बीच छोटी बड़ी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगा। इस रूट चार्ट का रखें ध्यान


