मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को पन्ना में महाराजा छत्रसाल की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा शहर के ऐतिहासिक धरम सागर तालाब के मध्य 1.53 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की गई है। अनावरण कार्यक्रम धार्मिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा और पूर्व मंत्री, पन्ना विधायक भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्लेबैक सिंगर इशिता विश्वकर्मा ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। इस महत्वपूर्ण आयोजन को देखने के लिए शहर के भारी संख्या में नगरवासी धरम सागर तालाब पर एकत्रित हुए। यह प्रतिमा न केवल पन्ना की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि बुंदेलखंड के महान योद्धा महाराजा छत्रसाल के शौर्य और योगदान को भी चिरस्थायी बनाएगी। पन्ना की धरती को देखने के लिए तरसते है लोग इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पन्ना की पावन धरती प्राणनाथ की प्रतिज्ञा भूमि और महाराजा छत्रसाल की कर्म भूमि है। उन्होंने पन्ना को हीरे के लिए प्रसिद्ध बताते हुए कहा कि लोग इस धरती को देखने के लिए तरसते हैं। तोमर ने आगे कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य मिला, जिसके लिए वे स्वयं को धन्य महसूस करते हैं। उन्होंने महाराजा छत्रसाल का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो संख्या भले ही कम हो, विजय अवश्य मिलती है।


