बिलासपुर में रात का तापमान बढ़ा, ठंड कम हुई:नम हवाओं से दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी, कल से फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड

बिलासपुर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से नम हवाओं का आना जारी है। जिसके चलते न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान भी करीब 2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 6 जनवरी से कम हो जाएगा। जिससे 7 जनवरी से कड़ाके की ठंड वापस लौटेगी। रविवार की सुबह तेज ठंड महसूस हुई। लेकिन लोग धूप का मजा लेते नजर आए। वहीं, दोपहर के समय धूप ज्यादा तेज होने पर अधिकतम तापमान बढ़ गया। रविवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो शनिवार की 29 डिग्री की तुलना में अधिक रहा। हालांकि, शाम होते ही फिर से ठंड बढ़ गई और रात में भी पारा कम होने लगा। जनवरी में अब तक नहीं पड़ी ज्यादा ठंड दरअसल, दिसंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में अच्छी ठंड महसूस हुई थी। लेकिन चौथे सप्ताह में यह कम हो गई। महीने के अंत से लेकर 2 जनवरी तक तापमान में गिरावट होती रही। 29 दिसंबर से लेकर 2 जनवरी के बीच यानी चार दिन में शहर में रात का पारा सात डिग्री नीचे चला गया। दो जनवरी को न्यूनतम तापमान के 11 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की वजह से अच्छी ठंड महसूस हुई। लेकिन, पिछले साल की तुलना में इस बार ठंड कम है। हवा की दिशा में परिवर्तन से बढ़ेगी ठंड मौसम वेधशाला के वैज्ञानिक डॉ. एचपी चंद्रा ने बताया कि, एक पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर भारत को प्रभावित करने की संभावना है। नमीयुक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ होने के साथ ही हवा के दिशा में भी परिवर्तन संभावित है। प्रदेश में पांच जनवरी को न्यूनतम तापमान में वृद्धि का क्रम जारी रह सकता है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में छह जनवरी तक लगातार वृद्धि होने की संभावना है। जिसके कारण न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री के आसपास वृद्धि संभावित है। माना जा रहा है कि सात जनवरी से इसमें गिरावट आएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *