3 दिन तक ठंड से राहत के बाद आज सुबह फिर कोहरे ने दस्तक दी है। आज सुबह 4 बजे से ही कोहरा छाना शुरु हो गया। कोहरे की वजह से लोग फिर देर तक रजाई-कंबलों में दुबके हुए हैं। सुबह साढ़े 8 बजे तक विजिबिलिटी भी 100 मीटर रही। इस वजह से वाहन चालक भी सावधानी बरत रहे हैं, हैडलाइट जलाकर ही गाड़ियां चल रही है। बीकानेर और डीडवाना-कुचामन जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में कोहरा घना है। इससे पहले दो दिन तल्ख धूप के बाद रविवार को शाम होते-होते नागौर जिला मुख्यालय पर जोरदार ठंड पड़ने लगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मंगलवार को नागौर के कई इलाकों में कोहरा छाने की संभावना है। नागौर में कृषि महाविद्यालय स्थित वेदर स्टेशन पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार और रविवार को यहां न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री के इर्द-गिर्द ही दर्ज किया गया था और अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया था। नागौर में सर्दी का असर फिर जोरदार हो गया है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल नागौर में अगले एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। 10 जनवरी तक शीतलहर का असर बना रहेगा। मंगलवार को कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम साफ रहने के साथ ही रात का पारा फिर से सिंगल डिजिट में आ गया है।


