फतेहपुर |नाला विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर प्रखंड से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के दो दिवसीय देवघर प्रवास में शामिल होने के लिए शनिवार को सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक रवाना हुए। फतेहपुर प्रखंड के सभी मंडलों के कार्यकर्ता, आदिवासी युवा तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाजपा नेता विष्णु मंडल एवं मनोज गोस्वामी के नेतृत्व में जत्थों के रूप में देवघर के लिए निकले। रवाना होने से पूर्व भाजपा नेता मनोज गोस्वामी और विष्णु मंडल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता अब यह भली-भांति समझ चुकी है कि भाजपा ही देश के विकास और सुशासन की सबसे सक्षम पार्टी है। उन्होंने कहा कि जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है तथा आम जनता के बीच पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है।


