आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के जुनैदगंज बाईपास पर जमीनी विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मृतक के पिता राघव पांडेय ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। जिन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनमें नगीना सिंह, इंद्रसेन, अग्रसेन भीमसेन और आजम प्रमुख है। शनिवार की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के जुनैदगंज बाईपास के निकट युवक रजनीश पांडेय 41 उर्फ राजू पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने घायल युवक को मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला अस्पताल पहुंचे जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने मृतक के परिजनों से बातचीत की। इसके साथ ही घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही एसएसपी ने एसपी सिटी और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। जहां मृतक की पल्सर बाइक खड़ी थी। पति को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद पत्नी रंजना पांडेय भी अस्पताल पहुंच गई और बेहोश हो गई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी रंजना पांडेय को संभालते नजर आई। SSP बोले खुलासे के लिए टीमों का गठन जिला अस्पताल पहुंचे जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने कहा कि शहर कोतवाली क्षेत्र में जमीनी विवाद में गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने बताया कि बुआ से कोई जमीनी विवाद चल रहा है। जो प्रकरण न्यायालय में भी चल रहा है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। चाचा बोले नगीना सिंह ने कराई है हत्या वही इस बारे में दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए मृतक युवक रजनीश पांडेय के चाचा सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि रजनीश घर से बाइक लेकर निकला था। जुनेदगंज पुलिया के पास पहुंचने के बाद गोली मार दी गई। इसके बाद हम लोगों को मामले की सूचना मिली तो हम लोग भाग कर अस्पताल पहुंचे। जहां मौत की सूचना मिली। मृतक रजनीश की पत्नी रंजना पांडेय अस्पताल में ही नौकरी करती हैं। वही चाचा सच्चिदानंद ने इस पूरी घटना के पीछे नगीना सिंह को जिम्मेदार बताया है।


