भास्कर न्यूज | जालंधर वर्ल्ड एविएशन डे को अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस के रूप में हर साल 7 दिसंबर को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 1994 में आईसीएओ की 50वीं वर्षगांठ पर हुई और 1996 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा आधिकारिक मान्यता मिली। दुनिया भर में सामाजिक और आर्थिक प्रगति में विमानन के महत्व को पहचानने और अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रा में आईसीएओ की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए ही वर्ल्ड एविएशन डे मनाया जाता है। यह दिन दुनिया को जोड़ता है और खाद्य, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं को प्रदान करने में मदद करता है, साथ ही व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है। आदमपुर सिविल एयरपोर्ट से लगातार फ्लाइट्स बढ़ रही हैं। इसी साल 25 अप्रैल से 25 नवंबर तक हिंडन, नांदेड़ साहिब और बेंगलुरु के लिए 21017 लोगों ने अराइवल और डिपार्चर किया जबकि 25 जून से 25 नवंबर तक मुंबई के लिए 36104 लोगों ने सर्विस ली। स्टार एयरलाइन और इंडिगो की तरफ से इस समय के दौरान कुल 364 फ्लाइट्स में से 57121 लोगों ने सफर किया है। आदमपुर सिविल एयरपोर्ट पर लगातार सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। इसी महीने पैसेंजर्स के लिए 2 वर्क स्टेशन, रीडिंग एरिया, बच्चों के लिए प्लेवे एरिया, अवसर आउटलेट्स सुविधा, यात्री सेवा दिवस मनाने के साथ लगातार एक्टिविटी को बढ़ाया जा रहा है। स्टार एयरलाइन की तरफ से रोजाना आदमपुर से हिंडन, नांदेड़ साहिब और बैंगलुरु और इंडिगो एयरलाइन की तरफ से रोजाना मुंबई के लिए फ्लाइट के साथ मैनचेस्टर और एम्सटर्डम के लिए इंटरनेशनल सर्विस भी दी जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक आदमपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सीधी बस सर्विस तक शुरू नहीं हुई आदमपुर सिविल एयरपोर्ट के लिए अभी तक सरकारी वॉल्वो और एचवीएसी बस सर्विस भी शुरू नहीं हो पाई है। आदमपुर सिविल एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से जिला प्रशासन और पंजाब सरकार को यात्रियों की सुविधा के लिए फ्लाइट के समय अनुसार वॉल्वो बस सर्विस शुरू करने की मांग भी की है ताकि लोग प्राइवेट टैक्सी के साथ उन्हें सरकारी बस में नॉर्मल किराए की सुविधा मिल सके लेकिन बस सर्विस भी सीधी एयरपोर्ट के लिए अभी तक शुरू नहीं हो पाई। फ्लाईओवर सिरदर्दी आदमपुर सिविल एयरपोर्ट तक जाने के लिए अभी तक लोगों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी नहीं मिली। साल 2016 से अधूरा चल रहा आदमपुर फ्लाइओवर के बाद डमुंडा से आदमपुर एयरपोर्ट तक करीब 1 से 1.50 किलोमीटर लंबी अप्रोच रोड जिसे फोर लेन करने का काम महीनों से लंबित चल रहा है। हालांकि इसके लिए अभी तक जमीन अधिग्रहण का काम भी पूरा नहीं हुआ। लोगों को सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी ना मिलने से भी उन्हें परेशानी हो रही है जिसे जल्द दुरुस्त करने की जरूरत है।


