झारखंड में उत्तरी हवाओं से पारा लुढ़का:अगले 5 दिन बढ़ेगी ठिठुरन, सभी जिलों का पारा सामान्य से नीचे, चार जिले में सर्वाधिक असर

झारखंड में पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिसके चलते प्रदेश में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य में कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, फिर भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गोड्डा में सबसे अधिक तापमान 29.1°C दर्ज हुआ, जबकि गुमला में न्यूनतम पारा 3.0°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। इससे उत्तर और उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठिठुरन और तेज हो गई है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद और गिरिडीह समेत ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 22°C से 27°C और न्यूनतम 6°C से 14°C दर्ज किया गया। 7 से 10 दिसंबर तक और गिरेगा तापमान मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह और देर रात कोहरा बढ़ने का अनुमान है। 7 से 10 दिसंबर के बीच राज्य के बड़े हिस्से में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। हवा की दिशा उत्तरी होने से ठंड की तीव्रता और बढ़ेगी। कई जिलों में रात का पारा 9°C से 11°C के बीच रहेगा। दक्षिण के जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला में भी दिन साफ रहेगा, लेकिन रातों में हल्की ठंड बढ़ने के संकेत हैं। विभाग के अनुसार 12 दिसंबर तक दिन में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहेगा। रात की सर्दी में राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम हिस्से में सबसे ज्यादा असर मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पांच दिवसीय पूर्वानुमान में बताया गया है 10 दिसंबर तक राज्य के 24 जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिरेगा। कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में रात का पारा 6°C से 10°C के बीच रहेगा। कोडरमा में जहां 6°C की ठंड दर्ज की गई, वहीं 10 दिसंबर तक यह 10°C तक जा सकता है। पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 24°C से 28°C जबकि न्यूनतम 11°C से 16°C रहेगा। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में रात का तापमान 9°C से 13°C के बीच रहेगा। शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी जारी मौसम केंद्र ने आज कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी जारी की है। विशेषकर पलामू, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा, चतरा और गिरिडीह में बहुत ठंडी हवा चलने की संभावना है। विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और देर शाम खुले में निकलते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पूर्वानुमान में बताया गया है कि 11 और 12 दिसंबर को भी मौसम शुष्क रहेगा, सुबह कोहरा और रात में ठिठुरन जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *