निर्माण कार्य का मलबा रोड पर, चैंबर टूटे, कहीं खुले गड्ढे, कहीं खुदाई के बाद बैरिकेडिंग से घिरी रोड, बंद स्ट्रीट लाइट जैसी रोजाना 200 से ज्यादा शिकायतें नगर निगम से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच रही हैं, लेकिन समाधान नहीं मिलने पर परेशान आमजन दैनिक भास्कर के पास भी इस तरह की समस्याओं के फोटो और वीडियो के साथ की शिकायतों की कॉपी भेज रहे हैं। इसमें वे बता रहे हैं कि जनप्रतिनिधियों से लेकर अफसरों तक हर स्तर पर कई बार बताने के बाद भी समस्याएं हल नहीं हो रही है। ऐसे हालात पूर्वी से लेकर पश्चिमी शहर के कई क्षेत्रों में हैं। इनमें मुख्य सड़कें जवाहर मार्ग, एमजी रोड, बीआरटीएस, अन्नपूर्णा मार्ग, रणजीत रोड, खजराना पहुंच मार्ग, निरंजनपुर, योजना 78, सिलिकॉन सिटी, नंदा नगर, रिंग रोड, लोहा मंडी, खातीपुरा, आरटीओ रोड पालदा, तेजाजी नगर, कागदीपुरा, स्नेहलतागंज सहित कई स्थानों पर निर्माण के कारण बैरिकेड्स लगे हैं। वहीं ज्यादा खराब हाल कॉलोनियों में हो रहा है। यहां पर विकास कार्य तो कर दिए, रिपेयरिंग ठीक से नहीं करने के कारण परेशानी हो रही है। ड्रेनेज, बिजली, पानी जैसी समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। रेती मंडी ब्रिज की बैरिकेडिंग से कॉलोनी के रहवासी परेशान – रेती मंडी के पास रेल पटरियों से लगी आईडीए की कॉलोनी है। यहां पर आरओबी बन रहा है। इसकी एक भुजा एबी रोड पर उतरेगी। वर्तमान में काम की गति धीमी है। एजेंसी ने एबी रोड पर बैरिकेडिंग कर दी है। इसके अलावा रिंग रोड की ओर से आवाजाही वाले वाहन समीप ही कॉलोनी से गुजर रहे हैं, जिससे वहां की सड़कें भी खराब हो गई हैं। इसी तरह अन्नपूर्णा रोड पर ड्रेनेज का काम चल रहा है। मूसाखेड़ी क्षेत्र में ब्रिज व आरई-2 के काम से परेशानी हो रही है। लाबरिया भेरू क्षेत्र में चिमनी से धुआं, कई क्षेत्रों में जल रहा कचरा
ठंड के मौसम में तापमान कम होने से शहर में प्रदूषण की स्थिति ठीक नहीं है। एक्यूआई का स्तर लगातार बढ़ा हुआ है। लाबरिया भेरू क्षेत्र में चिमनी से धुंआ छोड़ा जा रहा है। एमआर 10, बायपास के आसपास व मध्य शहर में कई स्थानों पर कचरा जलाया जा रहा है। नागरिकों की बार बार शिकायत के बाद भी इन क्षेत्रों में कचरा वाहन भी नियमित नहीं पहुंचता है। केबल व बिजली के तारों का जाल, सड़कों पर बेतरतीब स्पीड ब्रेकर
निरंजनपुर क्षेत्र में कंचन विहार कॉलोनी में सड़कों पर अतिक्रमण है। दूसरा बेतरतीब स्पीड ब्रेकर बना दिए, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। पूरे क्षेत्र के खंबों पर केबल का जाल फैला हुआ है। इंटरनेट, केबल टीवी और बिजली की केबलें लटक रही हैं। निर्माण कार्यों का मटेरियल रोड पर फैला रहता है। निगम के 311 एप पर शिकायत की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। गार्डन के बाहर हाइटेंशन लाइन का खंभा झुक गया- तिलक नगर क्षेत्र में गिरधर नगर गार्डन में नगर निगम द्वारा कचरे से खाद बनाने के लिए टंकियां बनाई है। इनके समीप नीम का पेड़ जमीन छोड़ कर झुक गया है। इससे पास बनी झोपड़ियां भी झुक गई और गार्डन के गेट पर लगा हाई टेंशन लाइन का खंबा भी झुका हुआ है। इसकी शिकायत निगम, बिजली विभाग सभी जगह की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह खजराना क्षेत्र में गार्डन के आसपास अतिक्रमण कर लिया गया, इससे लोगों को परेशानी हो रही है।


