मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब 1 बजे हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना नेशनल हाईवे- 30 पर अंजनिया बाईपास स्थित अहमदपुर चौराहे के पास हुई, जहां रायपुर की ओर से सरिया लोड कर आ रहा एक ट्रक पलट गया। मृतकों में माहिष्मती ढाबा के संचालक शीतल गुप्ता, पिकअप में सवार एक व्यक्ति और ट्रक में सवार लगभग 11 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। ट्रक का क्लीनर घायल हुआ है। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव पहचान में नहीं आ रही, जिससे शुरुआती क्षणों में पुलिस को मृतकों की सही संख्या का अनुमान लगाने में दिक्कतें आई। टीआई ने बताया ओवरटेक करते समय पलटा ट्रक अंजनिया चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि ट्रक एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने सड़क किनारे मटर लोड कर रही एक पिकअप दिखाई दी। पिकअप को बचाने के प्रयास में ट्रक बेकाबू हो गया। ट्रक ने ढाबा संचालक को टक्कर मारी और सड़क किनारे पलट गया। घायल ट्रक क्लीनर को अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश जारी है। अंजनिया पुलिस ने सभी शवों को अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


