भूपेश बोले-भाजपा के 2 साल से हिटलरशाही जैसे हालात बने:दुर्ग शहर-ग्रामीण और भिलाई शहर जिलाध्यक्षों ने संभाली कमान; संगठन को मजबूत करने की सलाह

दुर्ग के राजीव भवन में शनिवार को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई शहर के तीनों नए जिला अध्यक्षों का पदभार ग्रहण कार्यक्रम बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दो साल के शासन ने जनता को अंग्रेजों और हिटलरशाही की याद दिला दी है। पूरे प्रदेश की संपदा और उद्योगों को उद्योगपतियों के हाथों सौंपने की तैयारी चल रही है, जिसमें रक्षा क्षेत्र के निर्माण कार्य भी निजी कंपनियों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ‘देश को बेचने’ वाली नीतियों का विरोध करती रही है और आगे भी करती रहेगी। पूर्व सीएम ने तीनों नए जिला अध्यक्षों को संगठन को मजबूत करने, हर कार्यकर्ता को जोड़ने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि 14 दिसंबर को दिल्ली में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें दुर्ग से भी भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस हर मुद्दों पर लड़ेगी लड़ाई- बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में यह पहली बार है। जब जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर की गई है। अब कांग्रेस जिला, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर तक भाजपा सरकार की ‘तानाशाही नीतियों, बिजली बिल बढ़ोतरी, जमीन गाइडलाइन दरों में वृद्धि, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों’ पर सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। सरकार के दो सालों के कार्यकाल पर तंज कसते हुए बैज ने कहा कि ‘सरकार पूरी तरह जीरो है। युवा बेरोजगार हैं, किसान परेशान हैं, कर्मचारी आंदोलित हैं और आम जनता त्रस्त है।’ उन्होंने महासमुंद में टोकन न मिलने के कारण एक किसान आत्महत्या करने की घटना को सरकार की विफलता का प्रमाण बताया। जनहित के संघर्ष में कार्यकर्ताओं का पूरा साथ मिला- ग्रामीण जिलाध्यक्ष ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि मई 2025 में नियुक्ति के बाद किसानों, मजदूरों और बिजली बिल जैसे मुद्दों पर चार बार कलेक्टर घेराव किया गया। उन्होंने कहा, “संगठन निर्माण में सभी ब्लॉक कांग्रेसियों का सहयोग मिला, और एकमात्र नाम के रूप में मेरा चयन हुआ। मैं भूपेश बघेल, दीपक बैज और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं। अब जिलेभर में जनता की लड़ाई और मजबूती से लड़ी जाएगी।” दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल- “भाजपा सरकार को जगाने के लिए आंदोलन तेज करेंगे” दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी दी है, उसके अनुरूप उनकी प्राथमिकता शहर में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाना है। उन्होंने कहा, “धान खरीदी, बिजली बिल, जमीन गाइडलाइन जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार पूरी तरह विफल है। हम वार्ड, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार आंदोलन जारी रखेंगे।” भिलाई शहर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर-“2028 में सभी सीटों पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे” दूसरी बार नियुक्त भिलाई शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि पिछले कार्यकाल में भिलाई निगम में कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया था। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव 2028 में भी भिलाई से बड़ी जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है और यही नाराज़गी 2028 में कांग्रेस की बड़ी जीत का आधार बनेगी। वरिष्ठ नेताओं की नसीहत—दुर्ग की भूमिका हमेशा निर्णायक पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि दुर्ग जिला कांग्रेस की राजनीति में हमेशा निर्णायक भूमिका में रहा है और यहां से दो मुख्यमंत्री भी बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के “काले कानून” और “जनविरोधी निर्णयों” के खिलाफ कांग्रेस एकजुट होकर संघर्ष करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *