छिंदवाड़ा जिले की परासिया विधानसभा में शुक्रवार सुबह आवारा गाय ने सड़क पर आतंक मचाया। ड्यूटी पर जा रहे नगर परिषद कर्मचारी विष्णु पर गाय ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागते समय वे सामने से आ रही एक बाइक से टकरा गए। गाय ने बाइक सवार दंपती और एक अन्य महिला को भी निशाना बनाया। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। यह घटना तब हुई है, जब हाल ही में कलेक्टर ने आवारा मवेशियों को लेकर सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन प्रशासनिक तैयारियां जमीन पर नहीं दिख रही हैं। नगर परिषद परासिया के कर्मचारी विष्णु शुक्रवार सुबह रोज की तरह ड्यूटी के लिए निकले थे। तभी सड़क किनारे घूम रही एक गाय ने उन पर अचानक हमला कर दिया। यह हमला इतना अप्रत्याशित था कि विष्णु अपनी जान बचाने के लिए दौड़े। इसी आपाधापी में वे सामने से आ रही एक बाइक से जा टकराए। बाइक सवार दंपती गिरे, उन पर भी चढ़ी गाय
कर्मचारी से टकराने के बाद बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर पड़े। वे संभल पाते, उससे पहले ही गाय उन पर भी चढ़ दौड़ी। मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। महिला पर हमला, युवक ने दिखाई हिम्मत
इस दौरान गाय ने वहां मौजूद एक महिला को भी निशाना बनाया। स्थिति बिगड़ती देख एक युवक ने हिम्मत दिखाई। वह बीच में कूदा और गाय को दूर भगाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। रहवासियों में दहशत, कार्रवाई की मांग
घटनास्थल के पास लगे CCTV में पूरी वारदात कैद हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कलेक्टर के निर्देश के बाद भी जमीन पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि बड़ा हादसा न हो।


