सागर में 500 पदों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली शुरू:पहले दिन दतिया, निवाड़ी और ग्वालियर के 1285 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सागर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा रविवार रात 12 बजे से शुरू हो गई है, जिसमें 500 पदों के लिए 10 जिलों के 9 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती रैली को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। अग्निवीर भर्ती रैली सागर के शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में शुरू हुई है। भर्ती परीक्षा के लिए कलेक्टर संदीप जीआर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भर्ती परीक्षा स्थल पर पूरे समय डॉक्टर, एएलएस एंबुलेंस, पैरामेडिकल स्टाफ दवाओं के साथ मौजूद रहे। बता दें कि अग्निवीर भर्ती परीक्षा में 10 जिलों के परीक्षार्थी शामिल होंगे। सेना की भर्ती शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो सके इसके लिए कलेक्टर ने अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज में पर्याप्त मात्रा में प्रकाश व्यवस्था की जाए। जिससे की रात में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी प्रकार संपूर्ण परिसर के चारों तरफ चलित शौचालय, पेयजल के टैंकर, फायर ब्रिगेड, बैरिकेडिंग प्रमुख रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती के समय एंबुलेंस, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ दवा के साथ उपलब्ध रहे। साथ ही अस्थायी अस्पताल भी तैयार करें। जिससे कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रारंभिक इलाज किया जा सके। पहले दिन भर्ती में दतिया, निवाड़ी व ग्वालियर के अभ्यर्थी होंगे शामिल पहले दिन भर्ती रैली में दतिया से 290, ग्वालियर से 857, निवाड़ी से 138 कुल 1285 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थियों ने रात 12 बजे अग्निवीर भर्ती रैली स्थल इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश किया। सोमवार को 1600 मीटर की दौड़ आयोजित होगी, जिसके बाद अन्य प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *