मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज पर अब लोग रील बनाने के लिए जन्मदिन भी मनाने लगे हैं। हाल ही में जबलपुर निवासी मयूर कुमार यादव ने अपने कुछ दोस्तों के साथ फ्लाईओवर ब्रिज पर सड़क पर खड़े होकर केक काटा और कोल्ड फायर और नाइट्रोजन गैस छोड़ते हुए वीडियो बनाया, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो पुलिस तक पहुंचने पर मयूर कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान युवक ने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। बताया गया है कि मयूर अपने दोस्तों के साथ पहले ब्रिज के पास गया और सड़क पर ही बोनट पर केक रखकर काटा। साथ ही कोल्ड फायर और नाइट्रोजन गैस का उपयोग किया। वीडियो वायरल होने के बाद मदन महल थाना पुलिस ने मयूर कुमार यादव के खिलाफ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने का केस दर्ज किया और उस पर जुर्माना लगाया। जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति फ्लाईओवर ब्रिज पर रील बनाने, अवैधानिक कार्य करने या स्टंट करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी कई लोगों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए स्टंट किए थे, जिनके खिलाफ जबलपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाए थे।


