योगी सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने एक बार फिर भाजपा का असहज किया है। गोरखपुर में उन्होंने कहा-भाजपा में विभीषण हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव में 45 सीटों पर हरवाया। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। विभीषण अगर रहेंगे तो 2027 में पार्टी को नुकसान हो जाएगा। उन्होंने कहा-ए सीट है, बी सीट है जो भाजपा की थी वो कैसे हार गई। उन सीटों को विभीषण ने ही हरवाया है। मुख्यमंत्री को, प्रदेश अध्यक्ष को, महामंत्री को गृहमंत्री को यही लोग तो गलत गुमराह करते हैं। हालांकि, विभीषण से उनका इशारा किससे था, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया। संजय निषाद की निषाद पार्टी यूपी में एनडीए की सहयोगी है। डॉ. संजय रविवार को संवैधानिक अधिकार यात्रा के 36वें दिन गोरखपुर पहुंचे। इससे पहले संजय निषाद ने गुरुवार को मऊ में भाजपा को चेताया था। कहा था- अगर मल्लाह समुदाय को आरक्षण नहीं मिला, तो सरकार की कुर्सी छिन जाएगी। यात्रा की 2 तस्वीरें पढ़िए संजय निषाद के दोनों बयान 1. विभीषणों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 2027 भाजपा को नुकसान निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद रविवार को संवैधानिक अधिकार यात्रा के 36वें दिन गोरखपुर पहुंचे। यहां प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा-यदि भाजपा के इन विभीषणों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 2027 के चुनाव में भाजपा को भारी नुकसान हो सकता है। कहा कि यदि ये लोग पार्टी में बने रहे, तो भविष्य में और भी मुश्किलें आ सकती हैं। उन्होंने कहा-भाजपा नेतृत्व इन विभीषणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर निषाद समाज के लिए आरक्षण की मांग की। उन्होंने कहा, निषाद समाज के लिए आरक्षण की आवश्यकता है। निषादों को आरक्षण दिलाने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा, और हम सभी एकजुट होकर इस मुद्दे पर आवाज उठाएंगे। डॉ. संजय निषाद ने अपने समाज के कुछ नेताओं को चेतावनी दी। कहा-श्रेय लेने की होड़ में समाज का नुकसान न करें। सभी नेताओं को एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए। आरक्षण दिलाने तक मिलकर काम करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने 13 जनवरी को होने वाली संकल्प रैली की जानकारी दी, जो निषाद पार्टी के स्थापना दिवस के रूप में मनाई जाएगी। 2. मल्लाह समुदाय को आरक्षण नहीं मिला, तो सरकार की कुर्सी छिन जाएगी मऊ जनपद के मधुबन के मिश्रौली मोलनापुर में गुरुवार रात 8 बजे निषाद पार्टी की संवैधानिक अधिकार न्याय यात्रा का आयोजन था। यहां भी संजय निषाद ने मल्लाह समुदाय के लिए आरक्षण की मांग की थी। उन्होंने कहा-अगर मल्लाह समुदाय को आरक्षण नहीं मिला, तो सरकार की कुर्सी छिन जाएगी। मल्लाह समुदाय के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अगर किसी ने मल्लाह समुदाय पर हाथ उठाने की कोशिश की, तो उसका हाथ तोड़ दिया जाएगा। उन्होंने मल्लाह समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने का वादा भी किया। उन्होंने कहा-संजय निषाद ने कहा कि मल्लाह समुदाय पूरे देश में फैला हुआ है और इस समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है। निषाद पार्टी इस समुदाय के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही इसे अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने का काम करेगी। संजय निषाद ने कहा, यह यात्रा मल्लाह समुदाय के लिए न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास है। हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक मल्लाह समुदाय को उसका हक नहीं मिल जाता। …………………………….. ये खबर भी पढ़ें- अखिलेश सरकार में फोन करके दंगे करवाए जाते थे, इसमें गरीब और मुसलमान मारे जाते थे ‘संभल में जो हिंसा हुई है, वह जांच का विषय है। जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। अखिलेश यादव की सरकार में फोन करके दंगा कराया जाता था। इन दंगों में गरीब और मुसलमान मारे जाते थे। ‘सच्चर कमेटी’ की रिपोर्ट कह रही है कि सपा-बसपा और कांग्रेस के समय मुसलमान की दशा बहुत ही खराब हुई है। आज अनाज मकान और इलाज हम दे रहे हैं।’ ये बातें यूपी के मंत्री संजय निषाद ने आजमगढ़ में कहीं। दरअसल, 30 नवंबर को सहारनपुर से संवैधानिक अधिकार यात्रा निकली थी, वो आजमगढ़ पहुंची हैं। उसी में संजय निषाद शामिल होने आए थे। पढ़ें पूरी खबर


