डिंडोरी में सिटी कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात गश्ती के दौरान एक कार से 105 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में कांग्रेस के पिछड़ा प्रकोष्ठ महामंत्री अश्वनी मानिकपुरी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बायपास क्षेत्र में की गई। सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि रात करीब ढाई बजे बायपास पर एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी होने की सूचना मिली थी। गश्ती टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कार में तीन लोग बैठे मिले और उसमें 105 लीटर अवैध शराब पाई गई। तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, शराब जब्त गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी मानिकपुरी (निवासी बिजोरा, थाना बजाग), राजू लाल यादव और मनीष तिवारी (देवरा तिराहा) शामिल हैं। पुलिस ने अश्वनी मानिकपुरी की गाड़ी क्रमांक MP 20 CL 8508 से शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 6-7 हजार रुपए बताई जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 32 (2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भिपेंद्र पाठक, प्रधान आरक्षक हनुमान सिंह, आदित्य शुक्ला, देवेंद्र पटले, मुकेश प्रधान, आरक्षक सतेंद्र डहेरिया, अवनीश यादव और विशाल पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस बीच, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष जावेद इकबाल ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कांग्रेस में अश्वनी मानिकपुरी नाम के किसी व्यक्ति की ऐसी कोई नियुक्ति नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी कांग्रेस पार्टी के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं।


