डूंगरपुर शहर के आजाद नगर गली नंबर एक स्थित एक सरकारी आवास परिसर से शनिवार देर रात अज्ञात चोर चंदन का पेड़ काटकर ले गए। इस घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब आवास में रहने वाले लोगों ने पेड़ कटा हुआ देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। सरकारी आवास में रहने वाली सीनियर नर्सिंग ऑफिसर कोकिला गमेती ने बताया कि अज्ञात चोरों ने रात के समय उनके आवास परिसर में लगे चंदन के पेड़ को काटा। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने मुख्य गेट के बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।


