बाड़मेर जिले की सेड़वा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 19.58 ग्राम स्मैक बरामद की है। वहीं एक बाइक को भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया- पुलिस मुख्यालय जयपुर और आईजी रेंज जोधपुर के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ की रोकथाम और वांटेड आरोपियों को डिटेन करने के लिए एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन में सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम को सूचना मिली थी कि गांव केकड़ के पास में बाइक पर दो युवक ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। युवाओं ने अपना नाम बजरंगलाल पुत्र अणदारम और ओमप्रकाश पुत्र किशनाराम दोनों निवासी विष्णु नगरी सोनड़ी बताया। उनकी तलाशी लेने पर उनके पास से 19 ग्राम 58 मिलीग्राम स्मैक मिली। इस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मादक पदार्थ के परिवहन में उपयोग में ली गई एक बाइक को भी जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने सेड़वा थाने में अरोपी बंजरगलाल और ओमप्रकाश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में हैड कांस्टेबल रामकिशन, कांस्टेबल गंगाराम, मोहनलाल, धनपाल बैरवा, जयराम, भोजाराम, चेनराम शामिल रहे है।


