सीहोर जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार दस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एस. तोमर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी हो रही है। इससे सर्द हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आ रही हैं, जिसके चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। डॉ. तोमर ने यह भी बताया कि अभी ‘मावठे’ (शीतकालीन वर्षा) की संभावना है, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आ सकती है। सीहोर जिले में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। 1 दिसंबर को 8.5 डिग्री, 2 दिसंबर को 9 डिग्री, 3 दिसंबर को 8.5 डिग्री, 4 दिसंबर को 9.5 डिग्री, 5 दिसंबर को 7.5 डिग्री, 6 दिसंबर को 5.3 डिग्री, 7 दिसंबर को 5.3 डिग्री और 8 दिसंबर को 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि सीहोर जिले में लगभग एक माह पहले ठंड ने दस्तक दी थी। तब से न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है और अब लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास होने लगा है।


