हनुमानगढ़ में एक चावल कारोबारी से लगभग 5.16 लाख रुपए के चावल की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को आंगनबाड़ी केंद्र का प्रभारी बताकर यह ठगी की। इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित गंगा राइस एंड जनरल मिल के संचालक पंकज सिंगला ने जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी पंकज सिंगला ने पुलिस को बताया कि 29 नवंबर को अशोक जैन नामक एक व्यक्ति उनकी मिल पर आया। उसने खुद को 22 एनडीआर किशनपुरा दिखनादा के आंगनबाड़ी केंद्र का प्रभारी अधिकारी बताया। आरोपी ने कई स्कूलों को चावल आवंटित करवाने का झांसा दिया और सैंपल देखने के बाद 150 क्विंटल चावल का ऑर्डर दिया। उसने भुगतान स्कूल परिसर में करने का आश्वासन दिया था। फोन बंद किया
सिंगला के अनुसार, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को मिल मालिक ने 150 क्विंटल चावल किशनपुरा दिखनादा स्थित राजकीय विद्यालय में भिजवा दिए। हालांकि, भुगतान नहीं किया गया।
परिवादी ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में एक-दो बार फोन उठाकर भुगतान का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। स्कूल में करवाई थी चावल की डिलीवरी
जब मिल मालिक ने किशनपुरा दिखनादा स्थित स्कूल में जाकर पता किया, तो उन्हें बताया गया कि चावल डिलीवरी वाले दिन ही अन्य गाड़ी में लोड करवाकर आगे भेजे जा चुके थे।
परिवादी ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो कॉल किसी अजय नामक व्यक्ति ने उठाई, जिसने खुद को अशोक जैन का बेटा बताया। बाद में वह भी गायब हो गया। आंगनबाड़ी केंद्र का 1 फर्जी लेटर पैड भी दिया
पंकज सिंगला ने यह भी बताया कि आरोपी अशोक जैन ने उन्हें राजेंद्र कुमार प्रजापति के नाम से हस्ताक्षरित 22 एनडीआर किशनपुरा दिखनादा के आंगनबाड़ी केंद्र का एक फर्जी लेटर पैड भी दिया था।
आरोपी ने इस फर्जी लेटर पैड का दुरुपयोग करते हुए सरकारी कार्य हेतु चावल वितरण स्कीम के तहत सामान लिया और भुगतान नहीं किया। जंक्शन पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच एएसआई कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।


