डकैती का आठ साल से फरार आरोपी गिरफ्तार:एजीटीएफ ने दिल्ली से पकड़ा, रोहित गोदारा गैंग का सदस्य; 5 हजार का इनाम था घोषित

चूरू की एजीटीएफ टीम ने डकैती के एक मामले में आठ साल से फरार चल रहे एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई गैंगस्टर रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर की गैंग के सदस्य अमित उर्फ गोलू उर्फ बॉक्सर के खिलाफ की गई। पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि एजीटीएफ प्रभारी आईपीएस अभिजीत पाटिल की टीम ने गोरीपुर, भिवानी, हरियाणा निवासी अमित उर्फ गोलू उर्फ बॉक्सर को दिल्ली से पकड़ा। आरोपी रोहित गोदारा और नवीन बॉक्सर गैंग का सक्रिय सदस्य है। अमित उर्फ गोलू उर्फ बॉक्सर वर्ष 2017 से अदालत में पेश नहीं हो रहा था। जमानत मिलने के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था। अपना घर छोड़कर वह दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले दो साल से ‘डंकी’ (अवैध अप्रवासन) के जरिए विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अमित, नवीन बॉक्सर का बचपन का दोस्त है। उसने वर्ष 2016 में नवीन बॉक्सर के साथ मिलकर सालासर थाना क्षेत्र में हाईवे पर एक डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। एजीटीएफ काफी समय से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद दिल्ली में दबिश दी गई और उसे पकड़ने में सफलता मिली। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एजीटीएफ के हेड कॉन्स्टेबल सज्जन कुमार, कॉन्स्टेबल नवीन कुमार, महेंद्र कुमार, कपिल कुमार, साइबर सेल के कॉन्स्टेबल रमाकांत तथा राजगढ़ थाना से कॉन्स्टेबल सचिन कुमार और विक्रम सिंह शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *