अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित शिव कॉलोनी में शनिवार रात एक सुने मकान का ताला तोड़कर चार अज्ञात चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोर घर में खड़ी एक बाइक, मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नगद और एक नई जैकेट चोरी कर ले गए। पूरी वारदात पास ही लगे पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। रविवार सुबह जब पड़ोसियों ने मकान के टूटे हुए ताले देखे तो उन्होंने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी। एनईबी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मकान मालिक जितेंद्र राजपूत ने बताया कि वह हेवल्स कंपनी में ऑपरेटर के पद पर काम करता है । शनिवार को उनकी ड्यूटी नाइट शिफ्ट में थी और उनकी पत्नी व बच्चे गांव गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात में ताले तोड़कर बाइक, मोबाइल, नगद और जैकेट चोरी कर ली। पड़ोसी चौधरी ईश्वर सिंह नेहरा ने बताया कि जैसे ही उन्होंने गेट के ताले टूटे देखे, तुरंत मकान मालिक को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन कल से अब तक पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा सकी है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


