बैतूल के आमला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोवाड की महिलाओं ने सरपंच शेषराव और जायस नेता सोनू धुर्वे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने गांव में बिक रही कच्ची और अवैध शराब के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं ने अधिकारियों को बताया कि वे कई बार गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आवाज उठा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते अब शराब माफिया उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उनका आरोप है कि अवैध शराब के कारण गांव के कई परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। लोग महिलाओं को शराब पीकर पीटते हैं महिलाओं ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि शाम ढलते ही गांव के कई पुरुष शराब के नशे में धुत होकर पत्नियों और बच्चों से मारपीट करते हैं। शराब खरीदने के लिए घर का सामान और महिलाओं के जेवर तक बेच दिए जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ शराब माफियाओं ने आदिवासी परिवारों की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। गांव की महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मोवाड और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की अपील की है।


