युवा कांग्रेस ने सोमवार को जिले में खाद की किल्लत, बिजली कटौती, अवैध शराब परिवहन और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं के विरोध में कलेक्ट्रेट का घेराव किया और जमकर नारेबाजी भी की गई। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राम भरत मीणा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर संजय जैन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे रबी फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। शहर में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था के कारण आए दिन जाम लग रहा है, जिससे नागरिकों को असुविधा हो रही है। युवा कांग्रेस ने अवैध शराब के बढ़ते परिवहन पर भी तत्काल रोक लगाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगा। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दौलत राम गुप्ता, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जुगराज वकील, डॉ. शहजाद अली, ख्वाजा भाई, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कराहल जुगराज कुशवाहा, बड़ौदा ब्लॉक अध्यक्ष गोलू जाटव, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष राममिलन मीणा, धारा सिंह मीणा, विष्णु, अभिषेक, दुष्यंत यादव और पवन सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।


