डिंडोरी के अमरपुर विकासखंड स्थित खजरी माध्यमिक शाला में एक शिक्षक ने निर्धारित समय से पहले ही छात्र-छात्राओं की छुट्टी कर दी और स्कूल में ताला लगा दिया। ग्रामीणों द्वारा पूछे जाने पर शिक्षक ने अत्यधिक ठंड पड़ने का हवाला दिया। इस मामले पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच कराने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, इस स्कूल में पहली से आठवीं कक्षा तक कुल 78 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं और चार शिक्षक पदस्थ हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक पी.के. चंद्रवंशी अक्सर समय से पहले ही स्कूल की छुट्टी कर देते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बुधवार को भी उन्होंने शाम 4 बजे ही छुट्टी कर दी। छुट्टी करने वाले शिक्षक पी.के. चंद्रवंशी ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने बीआरसी सुबेश किशोर के कहने पर छुट्टी की है। उन्होंने बताया कि कई बच्चे 7 किलोमीटर दूर चंद्रागढ़ से पैदल पढ़ने आते हैं और बीआरसी ने उन्हें छुट्टी करने के लिए कहा था। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.बी. परस्ते ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार स्कूल की छुट्टी शाम 4:30 बजे होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय से पहले छुट्टी की गई है, तो मामले की जांच करवाई जाएगी।


