खरगोन में उमरखली रोड पर रविवार देर रात तूफान वाहन और बाइक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक महिला और एक युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय शिवराम लक्ष्मण (निवासी पिपल्या बावड़ी) और 35 वर्षीय जिलाबाई पिता कोटवाल (निवासी गांधीनगर) के रूप में हुई है। दोनों की मौत इलाज के दौरान हुई। बाइक सवार नरूला को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हादसा जानकारी के अनुसार, तूफान वाहन में सवार लोग आडफाटा निवासी 60 वर्षीय भीखला सिमरिया को फेफड़ों में संक्रमण के इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। तूफान वाहन में ड्राइवर अंतिम सहित 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में वीरेंद्र झरिया (38), कमल सोमैरया (50), ड्राइवर अंतिम (36), हुंकारिया (36), मयाराम (35) और किशोर पिता भोकला (36) शामिल हैं। ड्राइवर अंतिम ने बताया अचानक सामने से बाइक आ गई उसे बचाने में वाहन पलट गया। हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर रणजीत कनासे भी अस्पताल पहुंचे। सोमवार दोपहर में दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जिला अस्पताल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


