रुपए जमा- नहीं मिले पीएम आवास योजना का मकान:सिंगरौली में हितग्राही परेशान, कलेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया

सिंगरौली में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राही नगर निगम की लापरवाही के कारण वर्षों से आवास के लिए भटक रहे हैं। पैसा जमा करने के बावजूद उन्हें घर नहीं मिल पा रहा है। आज सोमवार को कई हितग्राही अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर गौरव बेनर से न्याय की गुहार लगाई। नवजीवन विहार सेक्टर नंबर-1 की निवासी निशिता सिंह ने बताया कि उन्होंने 8 मार्च 2020 को प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था। उनका आवेदन स्वीकार होने के बाद 31 अगस्त 2021 को उनसे ₹50,000 की राशि निगम कार्यालय में जमा कराई गई थी। इसके बावजूद, उन्हें आज तक आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। निशिता के अनुसार, हर बार नगर निगम के चक्कर लगाने पर उन्हें ‘अगले सप्ताह आवास मिल जाएगा’ का जवाब मिलता है, लेकिन वर्षों बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसी तरह अन्य कई हितग्राहियों ने भी अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने नियमों के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज और भुगतान निगम में जमा कर दिए हैं। इसके बावजूद आवास न मिलना सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है। महिलाओं ने कहा कि वे कई बार निगम अधिकारियों के पास गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। हितग्राहियों की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर गौरव बेनर ने नगर निगम अधिकारियों से तुरंत जानकारी लेने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि योजना के पात्र हितग्राहियों को किसी भी हालत में परेशान नहीं होना चाहिए। इस मामले पर दैनिक भास्कर डिजिटल ने नगर निगम के कार्यपालन यंत्री (E.E.) संतोष कुमार पांडे से बात की। उन्होंने बताया कि नगर निगम उन हितग्राहियों के नाम सूची से हटा रहा है जिन्होंने अब तक भुगतान नहीं किया है। पांडे ने आगे कहा कि जिन लोगों ने राशि जमा कर दी है, उनके लिए नई सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही उन्हें आवास उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र हितग्राही अब उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन के हस्तक्षेप से उन्हें उनका हक मिलेगा और उनके सिर पर जल्द ही पक्की छत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *