शहडोल के डिडवरिया गांव में दो बाइक्स की टक्कर में अजाक थाने के प्रधान आरक्षक राजेंद्र सिंह परिहार गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब प्रधान आरक्षक एक मामले की जांच कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके दाएं पैर की पांचों उंगलियां कट गईं। पुलिस के मुताबिक, प्रधान आरक्षक राजेंद्र सिंह अपनी बाइक से डिडवरिया से शहडोल लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायल प्रधान आरक्षक को ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर थाना स्टाफ भी अस्पताल पहुंचा और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। नागपुर रेफर किया निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राजेंद्र सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नागपुर रेफर कर दिया है, जहां उनका आगे का इलाज जारी रहेगा। हादसे के बाद दूसरी बाइक और उसके चालक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दूसरी बाइक कौन चला रहा था और क्या उसे भी चोटें आई हैं। कोतवाली पुलिस ने बताया कि आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल की स्थिति के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य दुर्घटना की वास्तविक वजह और दूसरे बाइक सवार की पहचान जल्द से जल्द स्थापित करना है। रविवार को शहडोल बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था के दौरान एक अन्य आरक्षक महेश पाठक की मौत हो गई थी। वह अपनी ड्यूटी पर सड़क पर खड़ी बस को हटवा रहे थे, तभी एक बस ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


