रघु सिन्हा टेनिस क्लब जयपुर ने रघु सिन्हा आईटीएफ मास्टर्स 400 टेनिस-2025 टूर्नामेंट की घोषणा की है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF), यूनाइटेड किंगडम के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। यह टूर्नामेंट जयपुर में टेनिस को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले अनुभवी खिलाड़ी और समाजसेवी दिवंगत रघु सिन्हा की स्मृति को समर्पित है। लगभग 40 साल पहले बिरला हाउस में उन्होंने टेनिस कोर्ट की स्थापना की थी, जिसकी विरासत को यह टूर्नामेंट आगे बढ़ा रहा है। इस टूर्नामेंट के मैच जयपुर क्लब की ओर से उपलब्ध कराए गए चार क्ले कोर्ट पर खेले जाएंगे। बढ़ती एंट्री को ध्यान में रखकर 11 और 12 दिसंबर के मैचों के लिए अतिरिक्त कोर्ट की व्यवस्था की जाएगी। सोमवार को जयपुर क्लब में इसकी ऑफिशियल लॉन्चिंग की गई। इस मौके पर रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन सुरेन्द्र गोलछा और ट्रस्टी सुधीर माथुर, टूर्नामेंट कन्वीनर ललित सिंह तलेड़ा मौजूद रहे। यह आयोजन 10 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक आयोजित होगा। यह आयोजन रघु सिन्हा माला माथुर ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीसरा आईटीएफ टूर्नामेंट है, जो अपनी प्रतिष्ठा में लगातार वृद्धि कर रहा है। 2023 में आईटीएफ 100, 2024 में आईटीएफ 200 और अब 2025 में आईटीएफ 400 स्तर पर पहुंच गया है। 150 पुरुष व 18 महिला खिलाड़ी लेंगी हिस्सा टूर्नामेंट में देश-विदेश से मजबूत आईटीएफ रैंकिंग वाले खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें कुल 150 प्लेयर शामिल है, जिसमें 18 महिला प्लेयर की भागीदारी रहेगी। 5 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मुकाबले का हिस्सा होंगे। टूर्नामेंट में कुल 2 लाख रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। सभी खिलाड़ियों को मोमेंटो प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा लंच, स्नैक्स और एनर्जी ड्रिंक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। रघु सिन्हा टेनिस क्लब का यह आयोजन न केवल वरिष्ठ टेनिस खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय मंच प्रदान करेगा, बल्कि राजस्थान में टेनिस खेल के विकास को भी गति देगा।


