धौलपुर में अवैध चंबल बजरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सदर पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त अभियान चलाकर बजरी से भरा एक 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। यह कार्रवाई सदर चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान हुई। पुलिस को देखकर बजरी माफिया ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब्त किए गए ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 06 एचसी 3159 है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान (आईपीएस) द्वारा जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा (आरपीएस) और वृत्ताधिकारी शहर धौलपुर कृष्णराज जांगिड़ (आरपीएस) के पर्यवेक्षण में सदर थानाधिकारी महेश मीणा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। फरार बजरी माफिया के खिलाफ प्रकरण संख्या 461/2025 के तहत धारा 303(2), 281 बीएनएस, 29/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और 41/42 राजस्थान वन अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी महेश मीणा, हेड कॉन्स्टेबल हरीश (227) और डीएसटी प्रभारी प्रेम सिंह अपनी टीम के साथ शामिल थे।


