आगर मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव ने सोमवार को नलखेड़ा स्थित विश्वप्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के समग्र और सुव्यवस्थित विकास के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान परिसर से हटाए गए अतिक्रमण का भी स्थलीय जायजा लिया गया। कलेक्टर ने भोपाल से आए आर्किटेक्ट्स के साथ प्रस्तावित मास्टर प्लान पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विधिवत योजना बनाते हुए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करें। इसमें श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित दर्शन, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, यज्ञशाला और अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को नियोजित ढंग से शामिल किया जाए। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर प्रीति यादव ने मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की। इस निरीक्षण के दौरान आर्किटेक्ट अर्जुन हबलानी, प्रदीप हबलानी और सागर जगवानी मौजूद थे। इनके साथ अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, एसडीओपी देवनारायण यादव, अनुविभागीय अधिकारी सर्वेश यादव, नगर पालिका नलखेड़ा के सीईओ प्रियंक श्रीवास्तव, पटवारी रामपाल सिंह तोमर तथा हाउसिंग बोर्ड, लोक निर्माण विभाग और आरईएस विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


