शादी के दौरान बारातियों के बीच हुए झगड़े में चाकू से हत्या कर फरार हुए 2 आरोपियों को सवाई माधोपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चाकू से मनोज रैगर पर हमला किया था, जिसकी इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई थी। इसके बाद अब पुलिस ने दोनों आरोपियों को टोंक से गिरफ्तार किया है। कोतवाली थानाधिकारी मदनलाल ने बताया कि फरार आरोपी दीपक पुत्र सुरेश बैरवा और मनोज पुत्र जगदीश मीणा निवासी बंगाली कॉलोनी, देवली जिला टोंक है। आरोपी 30 नवंबर को चाकूबाजी की घटना के बाद फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने दीपक बैरवा को बस स्टैंड टोंक से और मनोज मीणा को देवली से गिरफ्तार किया। यह था पूरा मामला 30 नवम्बर को सवाई माधोपुर के नीमली रोड पर चाकूबाजी की घटना हुई थी। यहां देवली जिला टोंक से एक बारात आई थी। खाना खाने के बाद जब बाराती बस में बैठने लगे तो सीट पर बैठने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में मनोज रैगर पुत्र बद्रीलाल रैगर निवासी देवली जिला टोंक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति रवि पुत्र जगदीश निवासी देवली घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


