हनुमानगढ़ में जंक्शन पुलिस ने हेरोइन तस्करी के पांच माह पुराने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तलवाड़ा झील के वार्ड 18 निवासी मोदन सिंह उर्फ रवि के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हेरोइन तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल मोदन सिंह की थी। यह मामला 2 जुलाई का है, जब तलवाड़ा थाना पुलिस ने अमरीक सिंह उर्फ तारा सिंह को 100.51 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। इस मामले की जांच जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां को सौंपी गई थी। जांच के दौरान मोदन सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद एसआई गजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया। एसआई गजेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।


