मंदसौर कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में झारखंड राज्य के देवघर जिले से तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 लाख रुपए नकद, 5 लग्जरी मोबाइल (जिनमें 3 आईफोन और 2 स्मार्टफोन शामिल), और 10 मोबाइल सिम कार्ड जब्त किए। पीड़ित राजेश पिता रामनिवास परमार ने 1 दिसंबर 2025 को थाने पर आवेदन देकर बताया था कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2025 के बीच साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से कुल ₹7,40,560 की राशि धोखाधड़ी कर निकाल ली। मामले में अपराध क्रमांक 655/2025, धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इन्हें पकड़ा है पुलिस टीमों ने झारखंड के थाना सारठ, जिला देवघर स्थित गांवों और खेतों में लगातार दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में बोलबम पिता रामचंद्र रवानी (26), राजरोशन पिता पवन रवानी (22) और पिंटू उर्फ मांटू पिता रामचंद्र रवानी (22) शामिल हैं, सभी निवासी नवाडी/सियाटांक क्षेत्र, थाना सारठ, जिला देवघर (झारखंड)। सोमवार शाम को एडिशनल एसपी टी. एस बघेल ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के बाद देवघर जिला न्यायालय से ट्रांजिट वारंट प्राप्त किया गया। अब आरोपियों को मंदसौर लाया गया है, जहां उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


