चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में खेले गए सोमवार को प्री क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। इस दौरान चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने जी० एंड एस० क्लब को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जी० एंड एस० क्लब की पूरी टीम 24वें ओवर में 116 रन पर सिमट गई। इस टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज धीरज कुमार ने सात चौके की मदद से सर्वाधिक 37 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में पवन आप्ट ने तीन चौके और दो छक्के की सहायता से 31 रन व प्रकाश डांगील ने 17 रनों का योगदान दिया। चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से सबसे घातक गेंदबाजी साकेत कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने तीन ओवर में एक मैडन रखते हुए मात्र चार रन देकर तीन खिलाड़ियों को चलता किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने आमर्त्य चौधरी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 15.2 ओवर में 117 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने चार विकेट भी गंवाए। कप्तान आमर्त्य चौधरी ने मात्र 42 गेंदों का सामना करते हुए ग्यारह चौके एवं चार छक्के की सहायता से 81 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज मनु राज ने एक चौका एवं एक छक्का की मदद से 12 रनों का योगदान दिया। गोप एंड सिंह क्लब की ओर से सरोज महतो, धीरज कुमार, मनजीत गोप एवं हरभजन कालिन्दी ने एक-एक विकेट हासिल किया।


