मोहन बड़ोदिया | मोहन बड़ोदिया में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन बड़ोदिया पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों ने सार्थक ऐप से उपस्थिति दर्ज कराने के निर्णय का विरोध किया। मोहन बड़ोदिया ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश रुहेला को सीएचओ और एएनएम ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन बड़ोदिया पर पदस्थ रूपनारायण शर्मा ने बताया कि सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मोहन बड़ोदिया ब्लॉक के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और एएनएम मौजूद रहीं। सभी ने एकमत होकर सार्थक ऐप के माध्यम से अटेंडेंस प्रणाली को अव्यवहारिक बताते हुए इसका विरोध किया। रूपनारायण शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या, तकनीकी दिक्कतें और संसाधनों की कमी के कारण सार्थक ऐप से उपस्थिति दर्ज कराना कई बार संभव नहीं हो पाता है। इससे कर्मचारियों को अनावश्यक मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य कर्मी पहले से ही क्षेत्र में भ्रमण, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में तकनीकी बाधाओं के कारण उपस्थिति पर सवाल उठाना न्यायसंगत नहीं है। स्वास्थ्य कर्मियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि उपस्थित दर्ज करने के पुराने और सरल तरीकों को फिर से लागू किया जाए या फिर सार्थक ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश रुहेला ने कर्मचारियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। हाल के दिनों में सार्थक ऐप से अटेंडेंस को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में असंतोष देखा जा रहा है।


