सागर जिले के ग्राम चौरई की महिलाओं ने सोमवार रात को गांव में हो रही अवैध शराब बिक्री के विरोध में रहली-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। महिलाओं ने तत्काल शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। सूचना मिलते ही गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद महिलाओं ने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका। महिलाओं ने बताया कि ग्राम चौरई में लंबे समय से शराबबंदी की मुहिम चलाई जा रही है। गांव के लोग नहीं चाहते कि यहां अवैध रूप से शराब बिके। इसके बावजूद, कुछ लोग लगातार कच्ची शराब बनाकर बेचने का काम कर रहे हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं ने खुद मौके पर जाकर पकड़ी सामग्री
सोमवार को महिलाओं को सूचना मिली कि कुछ लोग गांव में शराब बना और बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही महिलाएं मौके पर पहुंची और उन्होंने शराब बनाने में उपयोग होने वाला महुआ लाहन से भरा प्लास्टिक का कुप्पा जब्त कर लिया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने शराब बिक्री का विरोध जताने के लिए कुप्पा लेकर सड़क पर आकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
चक्काजाम की खबर मिलते ही गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे फौरन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले महिलाओं द्वारा पकड़ी गई कच्ची शराब बनाने की सामग्री (महुआ लाहन) को जब्त किया। थाना प्रभारी ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि इस मामले में अवैध रूप से शराब बेचने और बनाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं और उन्होंने चक्काजाम खत्म कर दिया।


