गुना जिले की मृगवास पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने राजस्थान से स्मैक लेकर आ रहे एक पैडलर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 105 ग्राम स्मैक जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10.50 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी बाइक पर सवार होकर खेप खपाने आ रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि मृगवास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना थी कि छबड़ा (राजस्थान) की तरफ से बाइक क्रमांक RJ28 SX 2124 पर एक व्यक्ति स्मैक लेकर सानई की ओर आ रहा है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सानई पुलिस चौकी की टीम ने झिरी तिराहे पर नाकाबंदी की और संदिग्ध का इंतजार करने लगी। घेराबंदी कर दबोचा, बांरा का रहने वाला है तस्कर कुछ ही देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए वाला व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस फोर्स ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू पुत्र पृथ्वीराज मीना (25), निवासी ग्राम हाण्डीखो, जिला बांरा (राजस्थान) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 104.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। 11.20 लाख का मशरुका जब्त, NDPS का केस दर्ज पुलिस ने आरोपी के पास से 10.40 लाख रुपए की स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल 80 हजार रुपए की बाइक जब्त की है। कुल 11.20 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ मृगवास थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वह यह स्मैक कहां से लाया था और किसे देने जा रहा था। कार्रवाई में इनकी रही भूमिका इस कार्रवाई में मृगवास थाना प्रभारी एसआई गोपाल चौबे, सानई चौकी प्रभारी एसआई नीरज लोधी, एएसआई राजेश कुमार भिलाला, आरक्षक सोहन अनारे, राहुल बघेल, रवि चौहान, अमर सिंह रावत, रामवीर रघुवंशी, धीरेन्द्र बघेल, जितेंद्र यादव, रवि दयाल, संदीप धाकड़ और साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव की भूमिका रही।


