जैसलमेर सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार पालीवाल द्वारा जिला मुख्यालय पर स्थित निजी लैब का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तीन लैब को सील बंद किया गया। डॉ पालीवाल ने बताया- निरीक्षण के दौरान लैब संचालकों के पास वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं योग्यताधारी लैब तकनीशियन मौके पर मौजूद नहीं होने के कारण तीनों संस्थानों को सील बंद किया गया। साथ ही दस्तावेज के साथ जिला रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण जैसलमेर के सामने आगामी 7 जनवरी को उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया। सीएमएचओ डॉ राजेंद्र पालीवाल ने बताया- राजस्थान नैदानिक स्थापन (रजिस्ट्रीकरण एवं विनियमन) नियम 2013 एवं नैदानिक स्थापन (रजिस्ट्रीकरण एवं विनियमन) अधिनियम 2010 के तहत शहर की निजी लैब का निरीक्षण किया गया। इस दौरान डायमंड डायग्नोस्टिक सेन्टर, इंडियन डायग्नोस्टिक सेन्टर एवं मंगलम लेबोरेट्री निजी लैब का निरीक्षण किया गया। 7 जनवरी तक दस्तावेज़ पेश करने के निर्देश सीएमएचओ डॉ पालीवाल अचानक शहर के जवाहिर हॉस्पिटल के पास स्थित लैब का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तीन लैब संचालकों के पास वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं योग्यताधारी लैब तकनीशियन मौके पर नहीं थे। इस कारण तीनों संस्थानों को सील बंद कर दस्तावेज पेश करने एवं जिला रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण जैसलमेर के सामने आगामी 7 जनवरी को उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया। सीएमएचओ डॉ. पालीवाल ने बताया कि जिला रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण जैसलमेर द्वारा इस प्रकरण में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण कार्रवाई के दौरान डीपीसी विक्रमसिंह चंपावत भी साथ मौजूद रहे। गौरतलब है कि हाल ही में एक मेडिकल शॉप पर एक 3 साल कि बच्ची के इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो जाने के मामले में हेल्थ डिपार्टमेंट ने अलर्ट होकर निजी लैब के निरीक्षण किए।


