जशपुर पुलिस ने 13 गौवंश मुक्त कराए:2 पिकअप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; एक आरोपी फरार

जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से कुल 13 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मुक्त कराए गए गौवंशों में सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र से 3 और थाना लोदाम क्षेत्र से 10 गौवंश शामिल हैं। पुलिस ने गौ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों पिकअप वाहनों, क्रमांक JH01-J-2635 और JH-10-JS-8773, को भी जब्त कर लिया है। अवैध रूप से गौवंशों को झारखंड ले रहे थे ASP अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 6 दिसंबर की रात करीब 10 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, कुनकुरी की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से गौवंशों को झारखंड ले जाया जा रहा था। इस पर पुलिस ने तत्काल बालाछापर लकड़ी डिपो के पास नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान पिकअप (क्रमांक JH01-J-2635) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर रस्सियों से बांधकर रखे गए 3 गौवंश मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान समीम उर्फ छेदन (56 वर्ष), निवासी हुसैन नगर, लोहरदगा, झारखंड, और राजकुमार यादव (29 वर्ष), निवासी ग्राम कुरूमगढ़, थाना कुरूमगढ़, जिला गुमला, झारखंड के रूप में बताई। आरोपियों ने बताया कि वे गौवंशों को कुनकुरी से गुमला ले जा रहे थे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने सभी 3 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 7 दिसंबर को 10 गौवंश बरामद इसी क्रम में, 7 दिसंबर की सुबह करीब 4:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को भी मुखबिर से सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक JH-10-JS-8773 में बड़ी संख्या में गौवंश लादकर ग्राम जामटोली मार्ग से झारखंड की ओर ले जाए जा रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वाहन से 10 गौवंश बरामद किए गए। लोदाम पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, मगर चालक पुलिस देखकर वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। पीछा करने के दौरान चालक वाहन रोककर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन की तलाशी में 10 नग गौवंश क्रूरता पूर्ण तरीके से रस्सियों से बांधकर भरे मिले। सभी को सुरक्षित मुक्त किया गया और स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पशु अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई दोनों थाना क्षेत्रों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम – धारा 4, 6, 10,पशु क्रूरता निवारण अधिनियम – धारा 11(1)(क), (घ) के तहत कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि दो आरोपी तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की विशेष कार्रवाई ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *