धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के पंडुकी स्थित एलएनटी कंपनी के वेयरहाउस में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात हुई। हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने लगभग 30 लाख रुपए मूल्य के नल के कल-पुर्जे चुरा लिए। यह वेयरहाउस हर घर जल नल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही कंपनी का है। ड्यूटी पर मौजूद चारों गार्डों के साथ मारपीट की यह घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जाती है। 20 से 25 की संख्या में आए अपराधियों ने वेयरहाउस पर धावा बोल दिया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चारों गार्डों के साथ मारपीट की और फिर उनके हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया। अपराधी लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी और भुजाली से लैस थे अपराधी वेयरहाउस की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने लगभग 95 बोरी नल के कल-पुर्जे चुराए। इन कल-पुर्जों की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जा रही है। कंपनी के स्टोर इंचार्ज राकेश चौधरी ने बताया कि अपराधी लाठी, डंडे, कुल्हाड़ी और भुजाली जैसे हथियारों से लैस थे। उन्होंने गार्डों पर अचानक हमला किया और उन्हें एक कोने में पटककर पूरा स्टोर खंगाल डाला। घटना का खुलासा अहले सुबह तब हुआ, जब दूसरी शिफ्ट के गार्ड ड्यूटी पर पहुंचे। उन्होंने बंधक बनाए गए गार्डों को मुक्त कराया और तुरंत कंपनी के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस पूरे परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन जांच जारी है।


