अगर आप कहीं बाहर घूमने जाने का मूड बना रहे हैं और इंटरनेट पर होटल सर्च कर पहले से बुकिंग कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। पहले उस होटल से संबंधित जानकारी पुख्ता करें, उसके बाद ही बुकिंग का पेमेंट करें। ऐसा ही एक मामला रतलाम में सोमवार को सामने आया है। जिसमें रतलाम के युवक ने गुजरात में ऑनलाइन होटल बुकिंग किया लेकिन उसके साथ फ्रॉड हो गया। पीड़ित ने रतलाम एसपी अमित कुमार से शिकायत की है। दरअसल, रतलाम निवासी एक युवक ने पिछले दिनों गुजरात के गिरनारजी जूनागढ़ में न्यू ईयर पर परिवार के साथ घूमने जाने का प्लान बनाया। वहां रुकने के लिए 2 महीने पहले ही ऑनलाइन गूगल पर सर्च कर वेबसाइट के माध्यम से कच्छी भवन गिरनार जूनागढ़ में रुकने के लिए रूम बुक कराया। वेबसाइट पर दिए मोबाइल नंबर से संपर्क कर उनके बताए बैंक अकाउंट में 15 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा कर होटल का रूम बुक किया। लेकिन युवक न्यू ईयर पर जब परिवार के साथ उस होटल पहुंचा तो वहां पता चला कि उनके नाम पर कोई बुकिंग नहीं है। यहां तक कहा कि जिस वेबसाइट और मोबाइल नंबर पर संपर्क कर बुकिंग की है वह भी हमारी होटल से संबंधित नहीं है। रतलाम आकर की शिकायत
धोखे के शिकार युवक ने रतलाम एसपी अमित कुमार से मिलकर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की। साइबर सेल टीम बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटा रही हैं। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उसने गुगल व फोन-पे सेऑनलाइन पैमेंट नहीं किया। जिस नाम से धर्मशाला थी उसी के नाम से बैंक अकाउंट भी वेबसाइट पर था। उसी बैंक अकाउंट में बैंक के माध्यम से रुपए दो बार में करीब 19 हजार 300 रुपए जमा कराए। बकायदा उन्हें सामने वाले से रिसीव भी मिली। साइबर सेल की प्राथमिक जांच में बैंक अकाउंट नंबर व जिन नंबर पर बातचीत की थी वह यूपी का निकला। परिवार के 14 लोग थे साथ
पीड़ित के अनुसार उनकी तीन दिन की बुकिंग थी। परिवार के 14 लोग एक साथ थे। वहां जाने पर पता चला। इस संबंध में संबंधित धर्मशाला के संचालक को जानकारी दी। वेबसाइट भी बताई तो उन्होंने उसे फर्जी बताया। उन्होंने 2023 में फर्जी वेबसाइट के खिलाफ थाने में आवेदन देने की बात बताई। इसके बावजूद भी गुगल पर फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ठगा जा रहा है। एसपी ने कहा- सतर्क रहें
एसपी अमित कुमार ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग आपके साथ साइबर धोखाधड़ी का कारण बन सकता है। ऑनलाइन होटल या ट्रेवल्स बुकिंग में स्कैम से बचने के लिए आप हमेशा वेरिफाइड ऑनलाइन होटल बुकिंग साइट का ही इस्तेमाल करें। इंटरनेट पर इस प्रकार की कई फर्जी वेबसाइट्स साइबर अपराधियों द्वारा बना रखी है। हम जब भी गूगल पर होटल बुकिंग के लिए सर्च करते हैं तो इस प्रकार की फर्जी वेबसाइट्स भी हमारे सामने आ जाती हैं। ये फर्जी वेबसाइट्स बिल्कुल असली वेबसाइट्स की तरह दिख सकती हैं। उसके यूआरएल और रिव्यूज की जांच करना चाहिए। किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।


