बैतूल जिले के जनपद पंचायत भीमपुर और चिचोली में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए करोड़ों के गबन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी युमेंद्र उर्फ़ दीपक राहंगडाले को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं। क्या है पूरा मामला
यह मामला जिला समन्वयक अधिकारी इंदिरा मेहतो की शिकायत के बाद सामने आया। 19 मार्च 2025 को चिचोली थाने में आवेदन दिया गया था, जिसमें बताया गया कि दोनों जनपद पंचायतों में कुल 13 करोड़ 21 लाख 71 हजार 220 रुपए का गबन किया गया है। जांच के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, गबन और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया। फर्म चलाकर 2.63 करोड़ हड़पने का आरोप जांच के दौरान पता चला कि गबन की राशि में से लगभग 2 करोड़ 63 लाख रुपये ‘शॉपिंग भंडार’ नाम की फर्म में जमा हुए, जिसका संचालन युमेंद्र उर्फ दीपक करता था। फर्म के खाते में जनपद चिचोली से 1 करोड़ 64 लाख 64 हजार रुपए, जनपद भीमपुर से 98 लाख 56 हजार रुपए ट्रांसफर हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने लाखों रुपए अलग-अलग खातों में भेजे, कुछ खुद खर्च कर दिए और लगभग 50 लाख ‘शिक्षा लाइब्रेरी एनजीओ’ के खाते में डाले, जिसे वह खुद चलाता था। आरोपी के अनुसार उसके खाते में अभी करीब 23 लाख रुपये ही बचे हैं। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा एसपी बैतूल के निर्देश पर गठित एसआईटी ने 8 दिसंबर 2025 को इंदौर से आरोपी को दबोच लिया। उसे 9 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।इस कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर, चिचोली और शाहपुर थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक दिलीप यादव व रवि शाक्य सहित साइबर टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।


