जिला जोधपुर पश्चिम की टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना झंवर ने 40 किलोग्राम अवैध डोडा–पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से आरोपी फरसाराम पुत्र घेवरराम विश्नोई, निवासी नैणासर कागनाडा, थाना लूणी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली। थानाधिकारी प्रहलाद सिंह ने मादक पदार्थों के बढ़ते नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर सूचना तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर मादक पदार्थों की तस्करी में प्रयुक्त संभावित मार्गों पर लगातार नाकाबंदी, रेकी व आसूचना संकलन किया। लुणावास खारा में दबिश, 40 किलो डोडा–पोस्त बरामद
पुलिस टीम ने लुणावास खारा स्थित परिहारों की ढाणी के निकट संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी में कार से कुल 40 किलो डोडा–पोस्त बरामद हुआ। कार्रवाई में थानाधिकारी प्रहलाद सिंह के साथ कॉन्स्टेबल नभसिंह, पांचाराम , चेतक प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक गजेन्द्र कुमार सहित जाब्ता शामिल रहा। अनुसंधान जारी
गिरफ्तार अभियुक्त फरसाराम से डोडा–पोस्त की खरीद–फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क व स्रोतों के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


