बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। फ्री गिफ्ट और आईफोन जीतने का झांसा देकर ठगों ने उससे करीब एक लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने खुद को दिल्ली की एक कंपनी का अधिकारी बताकर युवक को भरोसे में लिया। नगरिया परीक्षित निवासी महेश कुमार शर्मा को एक फोन कॉल आया। कॉलर ने खुद को दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-7 स्थित जेजे कम्यूनिकेशन का अधिकारी मनीष जैन बताया। उसने महेश को बताया कि उसने ऑनलाइन आईफोन 14, गोल्डन घड़ी और हेडफोन जैसे बड़े इनाम जीते हैं। इसके लिए महेश से रजिस्ट्रेशन शुल्क के तौर पर 1520 रुपये जमा करने को कहा गया, जो उसने भेज दिए। रकम भेजने के बाद ठग ने व्हाट्सऐप पर एक बिल भेजा, जिसमें गिफ्ट का मूल्य 74,138 रुपये दर्शाया गया था। इसके बाद ठग ने इंश्योरेंस, ट्रांसफर चार्ज और स्वैपिंग मशीन जैसे विभिन्न बहाने बनाकर महेश से कई बार भुगतान करवाया। पीड़ित महेश के अनुसार, ठग ने अंत में उससे कहा कि यदि वह अपने पैसे वापस चाहता है, तो उसे 98 हजार रुपये और जमा करने होंगे। ठग ने दावा किया कि इसके बाद ‘मनी-टू-मनी स्वैपिंग मशीन’ के माध्यम से 40 हजार रुपये वापस भेज दिए जाएंगे। इसी बात पर महेश को ठगी का एहसास हुआ। ठगी का पता चलते ही महेश ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया और थाना इज्जतनगर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, बरेली में ऑनलाइन फ्री गिफ्ट, लॉटरी और महंगे मोबाइल फोन का लालच देकर लोगों को निशाना बनाने वाला “प्राइज रैकेट” सक्रिय है। ठग व्हाट्सऐप बिल, पेमेंट के स्क्रीनशॉट और फर्जी कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर विश्वास का माहौल बनाते हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या फ्री गिफ्ट ऑफर पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।


