शहर के अशोक नगर इलाके में गंदगी और सीवर जाम की लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। महापौर सुनीता दयाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित एक डेरी पर कार्रवाई करवाई और वहां मौजूद पशुओं को जब्त कराया। यह कार्रवाई होली चाइल्ड स्कूल के पास स्थित एक डेरी पर की गई। बताया गया कि डेरी संचालक गोबर और अन्य कचरा सीधे नालों, सीवर लाइनों और ग्रीन बेल्ट में डाल रहे थे। इससे पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी और नालियां लगातार जाम हो रही थीं। नगर निगम द्वारा बार-बार सफाई कराने के बावजूद यह समस्या बनी हुई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने दरवाजा बंद कर इसे रोकने का प्रयास किया। इसके बाद महिला पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की मदद से सभी पशुओं को सुरक्षित रूप से नंदनी पार्क स्थित गौशाला भेज दिया गया। अशोक नगर क्षेत्र की दो अन्य बड़ी डेरियों को भी सख्त चेतावनी दी गई है। उन्हें अपनी व्यवस्था सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। महापौर सुनीता दयाल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम को पशुपालन पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, शहर के बीचोंबीच गंदगी फैलाना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि डेरी संचालक शहर की सफाई व्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, अशोक नगर से निकलने वाला गोबर होली चाइल्ड चौक से लेकर सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के सामने, कालकागढ़ी चौक और पुराने शहर के नालों तक पहुंच रहा था। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही थी। फिलहाल इस क्षेत्र में एक नया नाला भी बनाया जा रहा है, लेकिन गोबर के कारण निर्माण कार्य में भी बाधा आ रही है।


