इंदौर के तुकोगंज इलाके में एक दवा कारोबारी के घर चोरी की वारदात हो गई। व्यापारी घर पर ताला लगाकर पत्नी के साथ शादी में गए थे। जब वापस लौटे तो दरवाजे का लॉक खुला हुआ मिला और बेडरूम की अलमारी से जेवर और नकदी गायब थे। दवा व्यापारी ने घर में सो रहे बेटे को उठाकर पूछा तो उसने किसी के आने की बात से इनकार कर दिया। बाद में सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर नौकर को घर से जेवर और बैग ले जाते हुए देखा गया। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है। नौकर पर केस दर्ज, पुलिस राजस्थान रवाना टीआई जितेंद्र यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता आशीष मेहता, निवासी साउथ तुकोगंज गोल्ड पेटल्स बिल्डिंग ने अपने पूर्व नौकर जितेंद्र मीणा (निवासी उदयपुर, राजस्थान) के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आशीष पेशे से दवा व्यापारी हैं। वह पत्नी कीर्ति के साथ शादी में गए थे। रात 12 बजे लौटने पर बेडरूम की अलमारी खुली मिली। सोने के तीन हार, दो कंगन, चांदी की मूर्तियां, कुछ अन्य ज्वेलरी और डेढ़ लाख नकद गायब थे। बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज में नौकर जितेंद्र मीणा खाली हाथ आता और बैग लेकर निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर टीम को राजस्थान भेजा है। इधर, दोस्त ही चुरा ले गया मोबाइल और रुपए खजराना में चार दोस्तों के मोबाइल और नकदी उनके ही साथी ने चुरा लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। खजराना पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता जिशान खान ने अपने दोस्त सलमान उर्फ अशरफ के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया है। जिशान उत्तर प्रदेश से आकर इंदौर में अपने दोस्तों रिजवान, आमिर और रोजअली के साथ किराए के कमरे में रहता है। वह यहां पीओपी का काम करता है। रविवार को सभी ने नवाज कॉलोनी में नया कमरा लिया और रात 8 बजे सामान वहां शिफ्ट किया। रात 11:30 बजे सभी सो गए। सुबह 5 बजे जब जिशान उठा, तो उसने अपना मोबाइल और 15 हजार रुपए गायब पाए। बाकी दोस्तों का सामान भी चोरी हो चुका था। सलमान कमरे में नहीं था। उसे फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।


