शिक्षकों को फिर से वापस मूल स्कूलों में भेजने और अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग

सिटी रिपोर्टर| बिलासपुर जनदर्शन कार्यक्रम में आज विभिन्न समस्याओं को लेकर लोग कलेक्टोरेट पहुंचे, जिनमें प्रमुख रूप से तखतपुर बीईओ कार्यालय में शिक्षकों को अटैच करने की शिकायत शामिल थी। चिंतित पालकों ने पढ़ाई प्रभावित होने का हवाला देते हुए तत्काल शिक्षकों को उनके मूल स्कूलों में वापस भेजने की मांग की। कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर और जिला पंचायत सीईओ ने जनदर्शन में आए नागरिकों के आवेदन लिए और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो चुके घुरू के मिडिल स्कूल की एक शिक्षिका लता राजपूत को पिछले कई महीनों से तखतपुर बीईओ कार्यालय में अटैच करके रखा गया है। इसके कारण उनके विषय की पढ़ाई स्कूल में बाधित हो रही है। इसी तरह, तखतपुर विकासखंड के भाटापारा में संचालित प्राइमरी स्कूल भाटापारा के शिक्षक जयंत कश्यप को ग्राम पंचायत चोरमा में अटैच किया गया है। इस मामले की शिकायत जनदर्शन में करने के अलावा,स्कूल शिक्षा विभाग को भेजी गई है। तखतपुर ब्लॉक के ग्राम भरारी निवासी शशिकला साहू ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने के संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। गतौरा के ग्रामीणों ने एनटीपीसी सीपत में पात्र भू विस्थापितों की चयन सूची जारी करने में हो रहे विलंब की शिकायत की। कलेक्टर ने मामले को एसडीएम को सौंपकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ओमनगर निवासी दिव्यांग शैलेन्द्र कुमार मसीह ने अपनी विकलांगता के आधार पर शासन की योजना के अंतर्गत पेंशन राशि प्रदान करने की मांग की। उसलापुर निवासी शिव कुमारी बंजारे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की तीसरी किस्त न मिल पाने की शिकायत की। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *