भास्कर संवाददाता|विदिशा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर जिला जेल विदिशा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शेख सलीम ने किया। उनके साथ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमाकांत भारके, न्यायिक मजिस्ट्रेट और सचिव नितेंद्र सिंह तोमर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल अनिमेष तिवारी, विनोद कुशवाह और पैरालीगल वॉलंटियर्स मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश शेख सलीम ने बंदियों से सीधे संवाद किया। समस्याएं सुनीं। कुछ का मौके पर समाधान किया गया। बाकी मामलों के लिए जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य, इलाज, सुविधाएं और व्यवहार से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। रसोईघर, वीसी रूम और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रमाकांत भारके ने देखा कि सभी बंदियों को अधिवक्ता मिले हैं या नहीं। जिनके पास वकील नहीं हैं, उनके लिए आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजने के निर्देश दिए। सचिव नितेंद्र सिंह तोमर ने भी बंदियों से चर्चा की। समस्याएं सुनीं। कई मुद्दों का समाधान मौके पर कराया। उन्होंने भोजन और जरूरी सामग्री की गुणवत्ता और उपलब्धता का भी निरीक्षण किया।


