भास्कर संवाददाता | भैरूंदा नगर में पूर्व विधायक और क्षेत्र के प्रतिष्ठित भाजपा नेता स्वर्गीय मोहनलाल शिशिर की 94वीं जयंती पर नगर परिषद की ओर से एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर के बस स्टैंड परिसर में इस अभियान ने न केवल स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई, बल्कि स्वर्गीय शिशिर के समाज सेवा के मूल्यों को भी याद किया। मुख्य नगर अधिकारी रामप्रसाद भंवरे के निर्देश पर सफाई दल को विशेष रूप से बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में गहन सफाई अभियान चलाने के लिए लगाया गया। दरोगा रामभरोसे बामनिया और मुकेश कांचले के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीम ने सुबह से ही अभियान की शुरुआत की। टीम ने बस स्टैंड परिसर, यात्री प्रतीक्षालय, दुकानों के आसपास के क्षेत्र, दीवारों और नालियों की सफाई कर पूरे परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रूप दिया। जगह-जगह जमी गंदगी हटाई गई और कचरे का उचित निस्तारण किया गया। साथ ही धूल-धूसरित स्थानों पर पानी छिड़काव कर सफाई को प्रभावी बनाया गया। सफाई अभियान चलाकर श्रद्धांजलि दी: सफाई अभियान के दौरान नगर परिषद अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के महत्व पर जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नगर को स्वच्छ रखना केवल परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। अभियान में पहुंचे कुछ लोगों ने भी नगर परिषद की इस पहल की सराहना की और इसे स्वर्गीय शिशिर के आदर्शों का सम्मान बताया। नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, स्वर्गीय मोहनलाल शिशिर के पुत्र हैं। इसलिए उनकी जयंती के अवसर पर सफाई अभियान चलाकर श्रद्धांजलि दी गई।


